रिपोर्ट: शैलेन्द्र शानू वर्मा
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बेटे की आत्महत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पिता ने परिवार के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके बेटे पर चार लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। रकम नहीं देने पर उसे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
मामला फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव का है। यहां के निवासी आशीष सेन ने 16 अक्टूबर 2026 को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतक के पिता रमेश कुमार ने कुछ लोगों पर बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
चार लाख रुपये मांगने और मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
मृतक के पिता रमेश कुमार का आरोप है कि उनके बेटे से चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। रुपये नहीं देने पर उसे एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। पिता का कहना है कि इसी दबाव और प्रताड़ना के चलते उनके बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया।
मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही प्रयास
परिजनों के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी को लेकर पिता ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दौरान मनीषा सेन, मधु, राखी सेन, तुलसा, मुन्नी, सुशील सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
फिलहाल पीड़ित परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय मिलने का इंतजार कर रहा है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।





