रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। कानपुर में 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाला परिवहन मेला निरस्त कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभाग स्तर पर चरणबद्ध तरीके से परिवहन मेलों का आयोजन किया जाना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते शुक्रवार को होने वाला मेला रद्द कर दिया गया।
आरटीओ प्रशासन राकेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग के मुख्यालय से जारी निर्देश के तहत अक्टूबर माह के चौथे शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित परिवहन मेले को निरस्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यालय की ओर से अगले आदेश तक परिवहन मेले के आयोजन पर रोक संबंधी निर्देश दिए गए हैं।
नवंबर और दिसंबर के परिवहन मेलों पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं
आरटीओ प्रशासन के अनुसार, आगामी परिवहन मेलों के लिए 27 नवंबर और 26 दिसंबर 2026 की तिथियां प्रस्तावित थीं। हालांकि, इन तारीखों पर आयोजन को लेकर भी अभी तक मुख्यालय से कोई नया निर्देश जारी नहीं हुआ है।
ऐसे में फिलहाल परिवहन मेले के आयोजन को लेकर अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। विभाग की ओर से नए आदेश जारी होने के बाद ही आगामी मेलों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




