Breaking News

कानपुर में 19 नवंबर से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 6.77 लाख लोगों को खिलाई जाएगी दवा

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के चार ब्लॉक बिधनू, ककवन, चौबेपुर और बिल्हौर में 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत करीब 6.77 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान की तैयारियों और जनजागरूकता को लेकर स्वास्थ्य विभाग तथा सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के संयुक्त सहयोग से मंगलवार को एक होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमि के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में मीडिया के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया से बचाव और दवा सेवन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इन चार ब्लॉकों में फाइलेरिया के कुल 571 मरीज हैं। इनमें 470 लिम्फेडेमा और 101 हाइड्रोसील से पीड़ित हैं। अभियान के दौरान ट्रिपल ड्रग थेरेपी (आईडीए) के तहत आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाएं खिलाई जाएंगी। इन दवाओं के सेवन से शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों को खत्म करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 90 सुपरवाइजर और 1,084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा 542 दो सदस्यीय टीमें बनाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कर्मचारियों का प्रशिक्षण, दवाओं की उपलब्धता और नियमित निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। सीएमओ ने सभी पात्र लोगों से अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के सामने निर्धारित दवाओं का सेवन करने की अपील की।

गांवों और मोहल्लों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

कार्यशाला के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि फाइलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गांवों और मोहल्लों में रैलियां, गोष्ठियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों में क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को भी जागरूक किया जा रहा है।

आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की भ्रांतियां और दवा सेवन से जुड़े डर दूर करने का प्रयास कर रही हैं। इस अभियान में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) और सीफॉर जैसी संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं।

इसके साथ ही ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, स्वयं सहायता समूहों, रोगी हितधारक मंच (पीएसपी) के सदस्यों, स्वयंसेवकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ा गया है। पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा विभाग और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का सहयोग लिया जा रहा है।

मच्छरों के काटने से फैलता है फाइलेरिया

फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो शरीर के लसीका तंत्र को प्रभावित करता है। संक्रमण के 10 से 15 साल बाद भी इसके लक्षण सामने आ सकते हैं। समय पर बचाव और देखभाल नहीं होने पर हाथ-पैरों में असामान्य सूजन (लिम्फेडेमा), हाइड्रोसील और अन्य दीर्घकालिक समस्याएं हो सकती हैं। इससे मरीज की आजीविका और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है।

फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम मुख्य रूप से दो रणनीतियों पर आधारित है। पहली सर्वजन दवा सेवन (एमडीए), जिसके तहत पात्र लोगों को दवा खिलाकर संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने का प्रयास किया जाता है। दूसरी रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता की रोकथाम (एमएमडीपी) है। इसके अंतर्गत मरीजों को प्रभावित अंगों की सफाई, स्वच्छता, व्यायाम और उचित देखभाल की जानकारी दी जाती है। आवश्यकता पड़ने पर हाइड्रोसील सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।

फाइलेरिया संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह के मोबाइल नंबर 9452122959 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी फाइलेरिया संबंधी जानकारी उपलब्ध है।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.