रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी. के मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस टीम रेलवे स्टेशन के हैरिसगंज पुल से झकरकटी की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पीपल के पेड़ के नीचे से दो संदिग्ध अभियुक्तों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इजहार अली उर्फ लाला उर्फ फैसल, निवासी बेगमपुरवा नई बस्ती, थाना बाबूपुरवा, कानपुर नगर और अल्तमस, निवासी सुप्पा मस्जिद के पास, स्कॉलर स्कूल, बबलू की बिल्डिंग, थाना बाबूपुरवा, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
धीमी ट्रेन को बनाते थे निशाना
जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और आउटर पर ट्रेनों की गति धीमी होने पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि ट्रेन की खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के सामान और मोबाइल फोन चोरी करने या छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख पचास हजार रुपये बताई गई है। जीआरपी पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन और कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दें।





