Breaking News

कानपुर में रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026, प्राकृतिक खेती पर जोर

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर परिसर में चित्रकूटधाम, कानपुर एवं झांसी मंडलों की संयुक्त मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, कृषि एम.के. शन्मुगा सुन्दरम ने की। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार और कानपुर की महापौर प्रमिला पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने संबोधन में किसानों से कृषि उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने और उत्पादों का बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने के लिए गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक और असंतुलित इस्तेमाल को कम करते हुए प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना जरूरी है।

उन्होंने प्रदेश में उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी देते हुए किसानों से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कृषि यंत्रों, बीज, डीएपी और अन्य कृषि निवेशों से संबंधित योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पात्र किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से इस वर्ष तिलहनी और दलहनी फसलों के 10 लाख से अधिक मिनीकिट किसानों को निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने और कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में सहायता देना है।

150 स्टॉल के माध्यम से दी गई कृषि संबंधी जानकारी

गोष्ठी के दौरान कृषि विभाग और निजी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के लगभग 150 स्टॉल लगाए गए। इनमें बीज, कृषि रक्षा, मृदा परीक्षण एवं संरक्षण, रेशम, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, लघु सिंचाई, इफको, कृभको, किसान कॉल सेंटर और पशुपालन सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित स्टॉल शामिल रहे।

इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, बीजों, कृषि निवेशों और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कानपुर, चित्रकूटधाम और झांसी मंडलों के किसानों ने गोष्ठी में प्रतिभाग कर कृषि उत्पादन और तकनीकी विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र, कृषि निदेशक टी.एम. त्रिपाठी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा कानपुर मंडल के आयुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन, झांसी मंडल के मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे, संयुक्त कृषि निदेशक धर्मेन्द्र कुमार, उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा सहित 13 जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी तथा कृषि एवं संबंधित विभागों के राज्य, मंडल और जनपद स्तरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को रबी फसलों के उत्पादन, कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा कृषि उत्पादकता में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.