रिपोर्ट: करन ठाकुर
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे हैरिसगंज पुल के उस पार टाटमिल जाने वाले कच्चे रास्ते के पास रेलवे ट्रैक किनारे चेकिंग के दौरान तीनों युवकों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब खान उर्फ साहिल, अरबाज और मोहम्मद आसिफ उर्फ ब्रावो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों कानपुर नगर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र स्थित सफेद कॉलोनी के निवासी हैं।
धीमी गति से गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी का आरोप
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के आउटर पर धीमी गति से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के सामान और मोबाइल फोन चोरी करने तथा छिनैती की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। बरामद मोबाइल फोन में ओप्पो और रेडमी कंपनियों के फोन शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
जीआरपी पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. के मार्गदर्शन, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलान्ची के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा की निगरानी में की गई। अभियान में पुलिस उपाधीक्षक शेषमणि उपाध्याय के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह के नेतृत्व की भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।





