रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। मछली का एक छोटा सा कांटा 77 वर्षीय बुजुर्ग के लिए बड़ी परेशानी बन गया। गले में गहराई तक फंसे इस कांटे के कारण बुजुर्ग को निगलने में काफी दिक्कत हो रही थी। कई बार एंडोस्कोपी के प्रयास के बावजूद कांटा नहीं निकल सका। आखिरकार कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज स्थित हैलट अस्पताल के सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक की मदद से अपने पहले ही प्रयास में कांटे को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन प्रो. डॉ. संजय काला ने बताया कि 25 अक्टूबर को बर्रा निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले में मछली का कांटा फंस गया था। इसके बाद उन्हें निगलने में परेशानी और लगातार असहजता होने लगी। परिजनों ने पहले कई जगह उपचार कराया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
चार बार प्रयास के बाद भी नहीं निकला कांटा
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग के गले से कांटा निकालने के लिए एंडोस्कोपी के जरिए करीब चार बार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन बुजुर्ग को कानपुर के हैलट अस्पताल स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
रैट टूथ फॉरेन बॉडी फोर्सेप से निकाला कांटा
मरीज की उम्र और पहले के असफल प्रयासों को देखते हुए सर्जरी विभाग की टीम ने बेहद सावधानी के साथ उपचार की योजना बनाई। वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी और उनकी टीम ने आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का इस्तेमाल किया।
डॉक्टरों ने ‘रैट टूथ फॉरेन बॉडी रिमूवल फोर्सेप’ की मदद से गले के ऊपरी हिस्से में गहराई तक फंसे मछली के कांटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। खास बात यह रही कि मेडिकल टीम को अपने पहले ही प्रयास में सफलता मिल गई।
शाकाहारी परिवार में मछली का कांटा बना चर्चा का विषय
इस पूरे मामले का एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया। परिजनों का कहना था कि उनका पूरा परिवार शुद्ध शाकाहारी है और बुजुर्ग ने भी मछली या किसी अन्य मांसाहारी भोजन के सेवन से इनकार किया था।
लेकिन जब डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक गले से मछली का कांटा निकाल लिया, तो बुजुर्ग ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में अपनी बात स्वीकार कर ली। उन्होंने कहा- ‘अब तो चोरी पकड़ी गई।’
फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक बुजुर्ग की हालत स्थिर और स्वस्थ है। इस सफल उपचार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम की कुशलता और आधुनिक चिकित्सा तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का उदाहरण माना जा रहा है।





