रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 74वें स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय, कानपुर में विभिन्न जनजागरूकता, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भविष्य निधि, पेंशन तथा डिजिटल सामाजिक सुरक्षा सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बख्शी तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय समिति के सदस्य एस. बाजपेई एवं सुखदेव मिश्र ने किया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई गई। वहीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को उत्सवपूर्ण बनाया।
आईटीआई में नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
स्थापना दिवस सप्ताह के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कानपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को भविष्य निधि के महत्व और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
नाटक के जरिए बताया गया कि नौकरी के दौरान भविष्य निधि में जमा की गई राशि सेवानिवृत्ति, वृद्धावस्था और भविष्य की आर्थिक जरूरतों के समय महत्वपूर्ण सहारा बनती है। साथ ही लोगों को भविष्य निधि से जुड़ी सुविधाओं और उनके लाभों की जानकारी दी गई।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के प्रचार के लिए रवाना हुई जागरूकता बस
पेंशनभोगियों की सुविधा और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार के लिए कानपुर रोडवेज के सहयोग से एक विशेष जागरूकता बस भी रवाना की गई। बस को विशेष स्टीकर और जागरूकता पैनल से सजाया गया है, जिसके माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य पेंशनभोगियों को निःशुल्क जीवन प्रमाण पत्र सुविधा के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों तक डिजिटल सेवाओं की जानकारी पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम शाहिद इकबाल ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय प्रतीश सिंह, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-तृतीय कुमार अभिषेक, सहायक आयुक्त श्रीमती गरिमा सिंह, खुशीराम जोशी सहित कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भविष्य निधि के महत्व को समझाने और डिजिटल सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





