रिपोर्ट : हरी शंकर शर्मा
कानपुर। रेलवे स्टेशन कानपुर सेंट्रल पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 18 लीटर 750 मिलीलीटर गैर प्रांत की अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. के मार्गदर्शन में ट्रेनों में चोरी की घटनाओं, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान दोपहर करीब 1:20 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित पावर हाउस के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से अंग्रेजी शराब की कुल 25 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 18 लीटर 750 मिलीलीटर बताई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक कुमार पुत्र फूलो साह, निवासी निकसपुर, पोस्ट अकहा बिशनपुर, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। विभिन्न जनपदों और राज्यों में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।





