रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। दीपावली के त्योहार पर बढ़ते वायु प्रदूषण और उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की कानपुर शाखा ने शहरवासियों से ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की है। आईएमए ने लोगों से प्रदूषण कम करने और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने का संदेश दिया है।
आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह और सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से शहरवासियों से अपील की कि दीपावली के अवसर पर केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का ही इस्तेमाल करें और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले पटाखों से दूरी बनाएं।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की खुशियों के साथ अपने स्वास्थ्य और शहर के पर्यावरण का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों से निकलने वाला धुआं और हानिकारक कण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इससे सांस संबंधी परेशानियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर ग्रीन पटाखों को प्राथमिकता दें और प्रदूषण को कम करने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। त्योहार को उत्साह और खुशियों के साथ मनाएं, लेकिन इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
आईएमए की इस अपील का उद्देश्य दीपावली के दौरान वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।





