रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। लंबित मांगों को लेकर फार्मासिस्टों ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ आंदोलन शाम 3 बजे तक चला। इस दौरान फार्मासिस्टों ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शासन के प्रति नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन कर रहे फार्मासिस्टों का कहना था कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उनके संवर्ग की समस्याओं और मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि पिछले कई वर्षों में शासन स्तर पर कई बार बैठकें हुईं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। इसी के चलते सीएमओ के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने के लिए धरना दिया गया।
सीएचसी में फार्मासिस्टों के पद बढ़ाने की मांग
धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह सचान ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री विवेक सिंह यादव ने किया। वक्ताओं ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद फार्मासिस्ट संवर्ग को अपेक्षित पद और अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह सचान ने पदों के मानकीकरण की मांग उठाते हुए कहा कि मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में दो चीफ फार्मासिस्ट और तीन फार्मासिस्ट के पद निर्धारित किए जाने चाहिए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सुविधा होगी और मरीजों को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट रहे मौजूद
धरने में पूर्व प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र कुमार पटेल, पूर्व मंडलीय सचिव विमल श्रीवास्तव, सीबी सचान, आलोक सचान और ओपी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार से 18 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र निस्तारण करने की अपील की।





