नौबस्ता क्षेत्र में बीनू बिरयानी और राकेश चिकन की दुकानों को लेकर शिकायतें, पुलिस की निगरानी पर भी उठे सवाल
VTH Digital News Desk
कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र में कुछ नॉनवेज दुकानों के अंदर ग्राहकों को कथित तौर पर शराब परोसे जाने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, हालांकि vthdigital स्वतंत्र रूप से वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार, विराटनगर पुलिस चौकी के सामने स्थित ‘बीनू बिरयानी’ और ‘राकेश चिकन’ की दुकानों में दिन के समय भी ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है।
आरोप है कि इन दुकानों पर खाने-पीने के साथ शराब परोसने का सिलसिला चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित दुकानें पुलिस चौकी के ठीक सामने बताई जा रही हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि यदि यहां इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है और अब तक क्या कार्रवाई की गई है?
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की भी अपेक्षा जताई जा रही है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित दुकानदारों का पक्ष उपलब्ध नहीं है। मामले में पुलिस तथा संबंधित दुकान संचालकों का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





