VTH Digital News Desk
कानपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और अनधिकृत क्लीनिकों के संचालन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित कथित तौर पर कोमल क्लीनिक के नाम से संचालित एक क्लीनिक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में क्लीनिक पर मरीजों की भीड़ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, VTH Digital इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
कानपुर में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पूर्व के विवादित मामलों के बाद भी बिना पंजीकरण अस्पतालों और वैध चिकित्सकीय योग्यता के बिना इलाज किए जाने के आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है और कथित अनधिकृत चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है?
कोमल क्लीनिक के संचालन को लेकर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर आजाद नगर स्थित कोमल क्लीनिक के संचालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि क्लीनिक में मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है। लेकिन क्लीनिक का पंजीकरण, वहां इलाज करने वाले व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सा संबंधी वैध अनुमति क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
स्वास्थ विभाग अधिकारियों की जानकारी में संचालन का दावा
पड़ताल के दौरान कुछ सूत्रों की ओर से दावा किया गया कि क्लीनिक का संचालन क्राइम ब्रांच के किसी और डिप्टी सीएमओ की जानकारी में हो रहा है। हालांकि, इस दावे की अभी किसी विभागीय अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। ऐसे में इसकी स्वतंत्र जांच और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग
अब सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर क्लीनिक के पंजीकरण और चिकित्सकीय योग्यता की जांच करेगा? यदि संचालन में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग से अपेक्षा है कि वह मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे, ताकि लोगों को सुरक्षित और वैध चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।





