रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। छठ पूजा के अवसर पर युवा भोजपुरी महासभा की ओर से लाला लाजपत राय चिकित्सालय के वरिष्ठ बाल रोग चिकित्सक डॉ. यशवंत कुमार राव को ‘भोजपुरी रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। महासभा के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद राघवेन्द्र मिश्र ने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. राव के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मान प्रदान किया।
राघवेन्द्र मिश्र ने बताया कि द्वितीय भोजपुरी महोत्सव के दौरान डॉ. यशवंत कुमार राव को सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन अत्यधिक व्यस्तता के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे। इसी क्रम में युवा भोजपुरी महासभा के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर राघवेन्द्र मिश्र ने कहा कि कानपुर महानगर में डॉ. राव जिस तरह आम नागरिकों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उनका सम्मान समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रयास है।
सम्मान कार्यक्रम में मनोज शुक्ला, अरविंद कुमार सिंह, मनीष सिंह, राहुल राय और मो. रेहान सहित युवा भोजपुरी महासभा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





