रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को कानपुर में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 162 वाहनों के चालान किए गए, जबकि दो ओवरलोड वाहनों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहन चलाते मिले नाबालिगों को भी चेकिंग के दौरान पकड़ा गया और उनके मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने की हिदायत दी।
कानपुर मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेशभर में 16 से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को यातायात पुलिस के समन्वय से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी।
आरटीओ प्रवर्तन और यातायात पुलिस की टीमें पूरे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगी। अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट पहनने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की।





