VTH Digital News Desk
कानपुर। आर्य समाज बर्रा के 35वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को आर्य समाज, बर्रा-2 में सौभाग्य होम्यो सेंटर और आर्य समाज बर्रा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। शिविर में लगभग 450 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली होम्योपैथिक दवाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही चक्कर आना, खून की कमी, सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी, पेट दर्द, कमर दर्द और सिरदर्द जैसी सामान्य परेशानियों से पीड़ित लोगों का परीक्षण किया गया।
डॉ. अभिषेक दीक्षित ने दीं चिकित्सा सेवाएं
शिविर में सौभाग्य होम्यो सेंटर के होम्योपैथिक कंसल्टेंट एवं फिजिशियन डॉ. अभिषेक दीक्षित ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया। इस कार्य में अजय जी ने भी सहयोग किया। इसके अलावा पीएचबीएल कंपनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) ने उपस्थित लोगों को होम्योपैथिक दवाओं के संबंध में जानकारी दी।
स्वच्छता और मच्छरों से बचाव की अपील
शिविर के दौरान लोगों को घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों को पनपने से रोकने की सलाह दी गई। साथ ही किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर नजदीकी क्लीनिक से चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम के समापन पर आर्य समाज बर्रा की ओर से डॉ. अभिषेक दीक्षित और उनकी टीम को स्मृति चिह्न (शील्ड) देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।





