VTH DIGITAL DESK
कानपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरदान फाउंडेशन द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बर्रा-2 स्थित आरएस पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के महासचिव कृष्णा शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
बच्चों को बताए यातायात नियमों के महत्व
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय अनुशासन बनाए रखने, यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के बारे में बताया गया। बच्चों को सुरक्षित आवागमन के नियमों की जानकारी देते हुए समझाया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।

विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसके माध्यम से उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर लापरवाही से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
बच्चों को जागरूक बनाना संस्था का उद्देश्य
वरदान फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाकर समाज में जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है। संस्था का मानना है कि यदि बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों की सही जानकारी दी जाए, तो भविष्य में सुरक्षित सड़क संस्कृति विकसित करने में मदद मिल सकती है।
प्रधानाचार्या प्राची मिश्रा ने की पहल की सराहना
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्राची मिश्रा ने भी सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।





