रिपोर्ट: शैलेन्द्र शानू वर्मा
बांदा/पटना। बिहार के भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया गांव में दिव्यांग दंपति की गोली मारकर हत्या और परिवार की करीब ढाई वर्षीय बच्ची के लापता होने के मामले में जनता दल (यूनाइटेड) के दिव्यांग प्रकोष्ठ ने बिहार सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। जेडीयू दिव्यांग प्रकोष्ठ, बांदा (उत्तर प्रदेश) के जिला अध्यक्ष बिहारी लाल अनुरागी ने 22 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी, बांदा के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की मांग उठाई है।
दिव्यांग दंपति की हत्या से क्षेत्र में चिंता
ज्ञापन के मुताबिक, भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के हटिया गांव में चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले दिव्यांग रंजन कुमार मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार की करीब ढाई वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला भी सामने आया।
बिहारी लाल अनुरागी ने इस घटना को गंभीर और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि दंपति की हत्या और मासूम बच्ची का पता नहीं चलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि बच्ची की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जेडीयू दिव्यांग प्रकोष्ठ ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें उठाई गई हैं:
– हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
– मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
– लापता बच्ची की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर सघन तलाशी अभियान चलाया जाए।
– बच्ची की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन तत्काल प्रभावी कदम उठाएं।
– जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
बच्ची की सुरक्षित बरामदगी पर जोर
ज्ञापन में कहा गया है कि यह मामला केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि मानवता और कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील विषय है। शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए और बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जाए।
बिहारी लाल अनुरागी ने बिहार सरकार से अपील की है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।





