रिपोर्ट: करन ठाकुर
कानपुर। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार तड़के करीब 5 बजे डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में थाना किदवई नगर क्षेत्र के कंजड़नपुरवा में पुलिस ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, अभियान में किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही और गोविंद नगर थानों की पुलिस फोर्स सहित करीब 135 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके की घेराबंदी की गई और ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी रखी गई। इसके बाद संदिग्ध स्थानों और घरों की तलाशी ली गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में अरमान, सागर और अंजलि को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी जांच तेज होने की उम्मीद है।





