रिपोर्ट: शैलेन्द्र शानू वर्मा
पैलानी/बांदा। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज, पैलानी की कक्षा नौ की छात्रा ईशा देवी को एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बनाया गया। शनिवार को पैलानी तहसील स्थित महर्षि पैल सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ईशा ने एसडीएम की भूमिका निभाते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
एक दिन की एसडीएम बनीं ईशा देवी ने समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों की जांच कराकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जमीन की पैमाइश और पेयजल आपूर्ति की शिकायतें आईं सामने
संपूर्ण समाधान दिवस में चिल्ला निवासी मुस्ताक अहमद पुत्र इमाम अली ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि लेखपाल ने उनकी जमीन की गलत पैमाइश की है। उन्होंने भूमि की दोबारा पैमाइश कराने की मांग की।
वहीं, जसपुरा निवासी गोरे सिंह ने हर घर जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पेयजल की आपूर्ति न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ईशा देवी ने संबंधित शिकायतों को सुनते हुए अधिकारियों को मामलों की जांच कराकर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा को एक दिन की प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपने का उद्देश्य बालिकाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला।
इस दौरान उपजिलाधिकारी भूपेंद्र सिंह, तहसीलदार महेंद्र गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतिज्ञा सिंह सहित तहसील के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





