रिपोर्ट: शैलेन्द्र शानू वर्मा
बांदा। जनपद के नरैनी स्थित राजकुमार इंटर कॉलेज में 3 नवंबर 2026 को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA पंचायत एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, समानता और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि PDA केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं सामाजिक भागीदारी की लड़ाई है। समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की पक्षधर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में PDA की आवाज गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट उमेश यादव ने कहा कि जनपद बांदा में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता PDA की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। संगठन की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की नीतियों, विकास कार्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को प्रत्येक गांव, कस्बे और बूथ तक पहुंचाना प्राथमिकता है। साथ ही श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव के संघर्षों और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय एवं समानता की लड़ाई को मजबूती देने की बात कही।
सम्मेलन में वक्ताओं ने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सपा नेता कुदरत उल्ला खान ने किया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष उमेश यादव, कर्वी जिला अध्यक्ष भैयालाल यादव, सांसद कृष्णा देवी, विशंभर निषाद, राजा भैया वर्मा, सुमन दिवाकर, भरत दिवाकर, महेंद्र वर्मा, किरण यादव, पूजा प्रजापति, नीलम यादव, सत्यनारायण सोनकर, सुंदर अनुरागी, अशोक गौर, प्रमोद गुप्ता राजा, इमरान अली राजू, वीरेंद्र गुप्ता बाबू, ओम नारायण त्रिपाठी विदित, मुन्ना पटेल, आमिर खान मन्नी, कमल पाल, वृंदावन वैश्य, राजकुमार गुप्ता राजू, रामलाल प्रजापति, शनि रशनिया, जगमोहन यादव, निलेश श्रीवास, दिलीप पटवा, मुलायम यादव ओपी और रहीस खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्र के नेता, नौजवान एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनसंपर्क बढ़ाने और PDA पंचायतों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।





