Breaking News

कानपुर में नेलकॉन-2026: घर का प्रदूषण बढ़ा रहा टीबी और लंग्स कैंसर का खतरा

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा

कानपुर। वायु प्रदूषण का खतरा केवल सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि घर के अंदर का प्रदूषण भी फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है। चूल्हे का धुआं, सिगरेट-बीड़ी का धुआं और निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल टीबी और फेफड़ों के कैंसर जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकती है। वहीं, एक्स-रे में दिखाई देने वाला हर धब्बा टीबी या कैंसर का संकेत नहीं होता। सही बीमारी की पहचान के लिए चिकित्सकीय जांच बेहद जरूरी है।

इन्हीं विषयों पर जागरूकता और चिकित्सा संबंधी जानकारी साझा करने के उद्देश्य से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में 17वें नेलकॉन-2026 सम्मेलन का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला और मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. दिगम्बर बहेरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सम्मेलन में देश और प्रदेश से आए चिकित्सकों ने टीबी, लंग्स कैंसर और फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियों के कारणों, लक्षणों और उपचार पर विचार साझा किए।

केजीएमयू से आए डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि उनके अनुसार देश में प्रतिवर्ष करीब 1.12 लाख लोग लंग्स कैंसर से पीड़ित हो रहे हैं, जबकि लगभग 97 हजार लोगों की प्रतिवर्ष इस बीमारी से मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि एक्स-रे में दिखने वाला धब्बा हमेशा कैंसर नहीं होता, वह टीबी भी हो सकता है। इसी तरह कुछ मामलों में कैंसर और टीबी के लक्षणों में समानता होने के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए केवल एक्स-रे के आधार पर बीमारी का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। उन्होंने टीबी का उपचार बीच में छोड़ने के प्रति भी आगाह किया और बताया कि ऐसा करने पर दवा प्रतिरोधी टीबी यानी एमडीआर-टीबी का खतरा बढ़ सकता है।

टीबी और फेफड़ों के कैंसर के लक्षणों पर दी जानकारी

पद्मश्री डॉ. दिगम्बर बहेरा ने बताया कि टीबी और फेफड़ों के कैंसर के कुछ लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। लगातार खांसी, बुखार, खांसी में खून आना, धीरे-धीरे वजन कम होना, सीने में दर्द और सांस फूलना ऐसे लक्षण हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि उम्र और लक्षणों की अवधि बीमारी की पहचान में महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन केवल लक्षणों के आधार पर टीबी या कैंसर की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए विशेषज्ञ की सलाह और जरूरी जांच कराना आवश्यक है।

उन्होंने उंगलियों के सिरों में होने वाले बदलाव की ओर भी ध्यान दिलाया। यदि उंगलियों के पोर असामान्य रूप से मोटे और नाखूनों का आकार बदलने लगे, तो इसे भी गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। यह बदलाव कुछ फेफड़ों की बीमारियों से जुड़ा हो सकता है।

प्रदूषण, धूम्रपान और चूल्हे का धुआं बढ़ा रहे खतरा

विशेषज्ञों ने बताया कि शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण, औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला धुआं, सीमेंट कारखानों की धूल और बीड़ी-सिगरेट का धुआं फेफड़ों की बीमारियों का जोखिम बढ़ाने वाले प्रमुख कारक हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लकड़ी और अन्य ईंधन से जलने वाले चूल्हों पर खाना बनाने के दौरान निकलने वाला धुआं भी महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

सम्मेलन में जोधपुर से आए ब्रोंकोलॉजिस्ट एवं विभागाध्यक्ष डॉ. निशांत चौहान ने कहा कि घर के अंदर होने वाला प्रदूषण भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचाता है। चूल्हे का धुआं यदि घर से बाहर नहीं निकल पाता, तो लंबे समय तक उसके संपर्क में रहने वाले लोगों में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान करने वाले व्यक्ति के आसपास रहने वालों को भी परोक्ष धूम्रपान के कारण नुकसान पहुंचता है।

उन्होंने महिलाओं में भी टीबी और लंग्स कैंसर के मामलों को लेकर चिंता जताई। उनके अनुसार धूम्रपान और प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूकता जरूरी है। गर्भावस्था के दौरान प्रदूषण के संपर्क में आने से गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य और फेफड़ों के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

हाईवे और निर्माण स्थलों के आसपास रहने वालों पर भी खतरा

चिकित्सकों ने बताया कि हाईवे के किनारे और निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को धूल और प्रदूषित हवा का अधिक सामना करना पड़ सकता है। लंबे समय तक ऐसे वातावरण में रहने से फेफड़ों की सेहत प्रभावित हो सकती है। सम्मेलन में फेफड़ों के कैंसर के विभिन्न प्रकारों, जैसे स्क्वैमस सेल, एडेनोकार्सिनोमा और स्मॉल सेल कैंसर पर भी चर्चा की गई।

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी कि लगातार खांसी, सांस फूलने, सीने में दर्द, वजन कम होने या खांसी में खून आने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। टीबी की दवा डॉक्टर की सलाह के बिना बीच में बंद न करें और धूम्रपान के साथ-साथ घर के अंदर के प्रदूषण को कम करने के उपाय अपनाएं।

कार्यक्रम में मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार, पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. संजय वर्मा सहित फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.