रिपोर्ट: प. कृष्णकांत तिवारी
खुरई (सागर)। यूजीसी के वर्तमान नियमों को वापस लेने, एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों की समीक्षा करने और करणी सेना के महिपाल सिंह मकराना की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को खुरई में प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद स्थानीय प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में संगठनों ने तीन प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का अधिकार है। उन्होंने महिपाल सिंह मकराना की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जवाबदेही तय करने की मांग की।
यूजीसी के वर्तमान नियमों को वापस लेने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी द्वारा जारी वर्तमान समानता संबंधी नियमों को लेकर समाज के एक वर्ग में व्याप्त असंतोष का हवाला दिया। संगठनों की मांग है कि इन नियमों को तत्काल वापस लिया जाए और सभी संबंधित पक्षों से व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही नए नियम बनाए जाएं।
एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों की समीक्षा की अपील
ज्ञापन में एससी/एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख करते हुए इसके वर्तमान प्रावधानों की समीक्षा और आवश्यक संशोधन की मांग भी की गई। संगठनों ने कहा कि कानून का उद्देश्य सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है, इसलिए इसकी प्रक्रिया में निष्पक्षता और सभी पक्षों के अधिकारों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति से इन विषयों पर संज्ञान लेकर केंद्र सरकार को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि सभी नागरिकों के लिए समान न्याय, निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना जरूरी है।





