Breaking News

मिशन शक्ति फेज 6.0: सीसामऊ में महिलाओं को जागरूक करने पहुंची एंटी रोमियो टीम

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर नगर के थाना सीसामऊ क्षेत्र के किशोर का हाता में शुक्रवार को मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, स्वावलंबन, उनके अधिकारों और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सहायता एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्हें 1090 महिला पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 181 महिला हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी दी गई।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है और सहायता प्राप्त की जा सकती है।

साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर

कार्यक्रम में महिलाओं को यूपी पुलिस के यूपी कॉप ऐप के माध्यम से उपलब्ध जनसुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही व्हाट्सएप, एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने, निजी जानकारी साझा करने से बचने और किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने के प्रति जागरूक किया।

महिला कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी

अभियान के तहत महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।

इसके अतिरिक्त कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम तथा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को अपनी समस्याओं के संबंध में शिकायत करने और उपलब्ध सहायता तंत्र का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

पुलिस टीम रही मौजूद

जागरूकता कार्यक्रम में थाना सीसामऊ से उपनिरीक्षक अनूप सिंह, महिला उपनिरीक्षक ममता कुमारी, महिला उपनिरीक्षक मोनिका राजा, महिला कांस्टेबल सुमन और महिला कांस्टेबल कीर्ति उपस्थित रहीं।

मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.