रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), कानपुर में उप परिवहन आयुक्त (डीटीसी) कानपुर परिक्षेत्र आर.आर. सोनी ने एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून और आरआई संतोष कुमार के साथ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटल पर कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा की और परिवहन संबंधी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीटीसी आर.आर. सोनी ने कार्यालय के विभिन्न पटलों पर पहुंचकर कर्मचारियों के कार्यों की मौके पर ही समीक्षा की। इसके बाद वह ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्यों के लिए संचालित सारथी भवन पहुंचे, जहां उन्होंने अलग-अलग पटलों पर हो रहे कार्यों की जानकारी ली।
आवेदकों से सीधे संवाद, स्वयं फॉर्म भरने वाले की सराहना
डीटीसी ने कार्यालय में अपना काम कराने आए आवेदकों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक को कोई समस्या होती है, तो वह एआरटीओ प्रशासन से सीधे मिलकर अपनी शिकायत रख सकता है और समस्या का समाधान करा सकता है।
इस दौरान एक आवेदक से बातचीत में पता चला कि उसने स्वयं ही अपना आवेदन फॉर्म भरा, फीस जमा की और संबंधित पटल पर पहुंचकर अपना कार्य पूरा कराया। आवेदक ने बिना किसी परेशानी के काम होने की जानकारी दी। इस पर डीटीसी ने आवेदक की सराहना करते हुए उसे जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान परिसर में घूमते मिले दलाल
आरटीओ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कुछ संदिग्ध दलाल परिसर में घूमते दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा में तैनात होमगार्डों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद डीटीसी ने उनसे पूछताछ की और सख्त हिदायत देते हुए दोबारा कार्यालय परिसर के आसपास न दिखाई देने की चेतावनी दी।
निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने, आवेदकों को होने वाली समस्याओं की जानकारी लेने और परिवहन संबंधी सेवाओं को सुगम बनाने की दिशा में व्यवस्था का जायजा लेना रहा।





