रिपोर्ट : हरी शंकर शर्मा
कानपुर। रेल में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) के वारंटी अभियुक्त राजेश कश्यप को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. के मार्गदर्शन में रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और फरार अभियुक्तों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अभियुक्त की तलाश की। काफी समय से फरार चल रहे राजेश कश्यप पुत्र स्वर्गीय हरिश्चंद्र निवासी गुलियाना, थाना बादशाही नाका, कानपुर को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीम काफी समय से प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





