रिपोर्ट : शानू वर्मा
बांदा। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘Sundays on Cycle’ की 93वीं कड़ी का आयोजन रविवार, 4 अक्टूबर को बांदा में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज मैदान में होगा। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘स्वच्छ भारत’ रखी गई है। आयोजन में भगवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी का भी सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 350 से अधिक विद्यार्थी और करीब 50 अतिथियों समेत लगभग 400 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। सुबह 6:45 बजे प्रतिभागियों का पंजीकरण शुरू होगा और उन्हें फिट इंडिया टी-शर्ट वितरित की जाएगी। इसके बाद योग, जुंबा, रस्सी कूद, फ्रॉग जंप, पुश-अप और रस्साकशी जैसी विभिन्न फिटनेस गतिविधियां आयोजित होंगी।
मुख्य साइकिल राइड सुबह 8:15 बजे शुरू होगी। साइकिल यात्रा पं. जे.एन. डिग्री कॉलेज मैदान से निकलकर डीएम कॉलोनी रोड, अशोक लाट चौराहा, जेल तिराहा, जरेली कोठी और पुलिस लाइन रोड होते हुए वापस कॉलेज मैदान पहुंचेगी।
कार्यक्रम में मंडल वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, बांदा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा और मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना सहित खेल, शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।
स्थानीय समन्वयक अंकित कुशवाहा ने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया जा सकता है। ‘Sundays on Cycle’ अभियान युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।





