Breaking News

कानपुर में नेलकॉन-2026 का शुभारंभ, फेफड़ों के कैंसर के आधुनिक इलाज पर मंथन

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। फेफड़ों के कैंसर की शुरुआती पहचान, सटीक जांच और आधुनिक उपचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉ. मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में 17वें राष्ट्रीय सम्मेलन ‘नेलकॉन-2026’ का शुभारंभ हुआ। इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ लंग कैंसर (आईएसएसएलसी) के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन की थीम ‘डिस्कवरी टू रिकवरी: शेपिंग लंग कैंसर मैनेजमेंट’ रखी गई है। सम्मेलन के पहले दिन आयोजित अत्याधुनिक इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी कार्यशाला में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक जांच और उपचार तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला का उद्घाटन जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने किया। इस दौरान डॉ. अनुराग शुक्ला एवं डॉ. भरत मेहरोत्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। विशेषज्ञों ने बताया कि फेफड़ों के कैंसर के उपचार में बीमारी की शुरुआती पहचान और उसकी सही अवस्था का निर्धारण बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर सटीक जांच होने से मरीजों के उपचार की बेहतर योजना तैयार की जा सकती है।

आधुनिक तकनीकों से कैंसर की पहचान और उपचार पर प्रशिक्षण

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने ब्रोंकोस्कोपी, एंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड (ईबीयूएस), क्रायोथेरेपी और मेडिकल थोरेकोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। बताया गया कि ईबीयूएस तकनीक के माध्यम से श्वासनलियों के आसपास मौजूद लिम्फ नोड्स से नमूने लेकर कैंसर की पहचान और उसकी अवस्था का निर्धारण किया जा सकता है। वहीं आधुनिक ब्रोंकोस्कोपी तकनीकों से श्वासनली में अवरोध पैदा करने वाले ट्यूमर के चयनित मामलों में उपचार भी संभव है।

कार्यशाला में डॉ. विक्रम गौतम ने ब्रोंकोस्कोपी की तैयारी एवं उसके उपयोग, डॉ. अर्जुन भटनागर ने इसकी मूल तकनीक, डॉ. ए.के. सिंह ने आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों में ब्रोंकोस्कोपी तथा डॉ. अर्जुन एस. कश्यप ने ईबीयूएस की तकनीक और उससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रशिक्षण दिया।

इसके अलावा डॉ. अजमल खान ने चिकित्सीय ब्रोंकोस्कोपी के तहत श्वासनली में स्टेंट लगाने, बाहरी वस्तुओं को निकालने और क्रायो तकनीक के उपयोग की जानकारी दी। डॉ. अंकित कुमार ने ब्रोंकोस्कोपी के दौरान बेहोशी एवं संभावित जटिलताओं, डॉ. संदीप कटियार ने मेडिकल थोरेकोस्कोपी और डॉ. नीलिमा सचान ने कैंसर की पैथोलॉजी जांच की गुणवत्ता एवं व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की।

आधुनिक तकनीकों से बेहतर हो रहा फेफड़ों के कैंसर का प्रबंधन

विशेषज्ञों ने बताया कि फेफड़ों के कैंसर का उपचार अब केवल पारंपरिक सर्जरी और कीमोथेरेपी तक सीमित नहीं है। इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी की आधुनिक तकनीकें कैंसर के निदान, स्टेजिंग, श्वासनली में अवरोध दूर करने और मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सम्मेलन का मुख्य वैज्ञानिक कार्यक्रम 21 और 22 नवंबर को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के विशेषज्ञ फेफड़ों के कैंसर की जांच, उपचार और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध एवं तकनीकी विकास पर विचार-विमर्श करेंगे।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.