रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के पेंशनर्स को अब वार्षिक डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनर्स की सुविधा के लिए घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने और ऑनलाइन जमा करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल ने बताया कि ईपीएफओ पेंशनर्स वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए 033-22029000 नंबर पर कॉल कर डाक विभाग के माध्यम से डाकिया को अपने घर बुला सकते हैं। डाकिया घर पहुंचकर निःशुल्क डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करेगा।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा पेंशनर्स जीवन प्रमाण फेस ऐप और आधार फेस ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा का इस्तेमाल करते हुए स्वयं भी ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इस सुविधा से बुजुर्ग और असमर्थ पेंशनर्स को विशेष राहत मिलेगी और उन्हें सत्यापन के लिए ईपीएफओ कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने पेंशनर्स से इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की, ताकि वे घर बैठे आसानी से अपना वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकें।





