रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। किशोरियों और युवतियों में बढ़ती हार्मोनल समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को कानपुर के स्वरूप नगर स्थित कानपुर विद्या मंदिर स्कूल में विशेष पीसीओएस (PCOS) स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आईएपी किशोर सप्ताह (एडोलसेंट वीक) के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में 14 से 25 वर्ष की किशोरियों और महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय परामर्श किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ कानपुर इंडस्ट्रियल (RCKI), स्किन मिरेकल लेजर एंड कॉस्मेटोलॉजी सेंटर, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स कानपुर की प्रेसीडेंट इलेक डॉ. शीला चित्रांशी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समय पर जांच और उचित चिकित्सीय परामर्श लेने पर जोर दिया।
शिविर में विशेषज्ञों ने पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) के लक्षणों, कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों के अनुसार, वजन बढ़ना, चेहरे पर मुंहासे, अनचाहे बालों का बढ़ना, बाल झड़ना और अनियमित माहवारी पीसीओएस के प्रमुख लक्षणों में शामिल हो सकते हैं। समय रहते इन लक्षणों की पहचान और चिकित्सकीय परामर्श से भविष्य में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
इस अवसर पर प्रो. सीमा द्विवेदी (विभागाध्यक्ष, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग) और डॉ. रोली श्रीवास्तव (चाइल्ड-एडोलसेंट एवं एस्थेटिक्स विशेषज्ञ) ने स्वास्थ्य परिचर्चा के माध्यम से किशोरियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों का कहना है कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से शिविर में किशोरियों और युवतियों को निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।





