रिपोर्ट: शैलेन्द्र शानू वर्मा
बांदा। पीडीए महापंचायत कार्यक्रम के तहत नरैनी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वर्मा ने अतर्रा कस्बे के कृष्णा नगर सेक्टर नंबर-18 और मूसानगर पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।
जनसंवाद के दौरान किरण वर्मा ने कहा कि पीडीए शोषित, वंचित, पीड़ित और असहाय वर्ग के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर ऐसे लोगों के बीच पहुंच रही हैं और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का प्रयास कर रही हैं।
2027 में सरकार बनने पर समस्याओं के समाधान का दावा
अपने संबोधन में किरण वर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 में पीडीए गठबंधन की सरकार बनने पर जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने गठबंधन की ओर से प्रस्तावित घोषणाओं का जिक्र करते हुए महिलाओं को प्रतिमाह 3,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही। उनके अनुसार, यह राशि सालाना 40 हजार रुपये होगी।
इसके अलावा उन्होंने मुफ्त बिजली, आवास योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता और राशन देने जैसी घोषणाओं को भी गठबंधन के घोषणा पत्र में शामिल किए जाने की बात कही।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन ब्रजेन्द्र यादव ने किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग रामफल राजपूत, सेक्टर प्रभारी राधेश्याम, नरैनी ब्लॉक प्रभारी अजय वर्मा, हरिशंकर गुप्ता, सुशील गौतम, सुखदेव भास्कर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





