रिपोर्ट : हरी शंकर शर्मा
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं एलएलआर अस्पताल, कानपुर के मानसिक रोग विभाग की ओर से विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह 2026 के अंतर्गत जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करना और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता बढ़ाना है।
इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम “Lived Experiences Heard: Real Voices, Real Change” रखी गई है। थीम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े वास्तविक अनुभवों को समझने और प्रभावित लोगों की आवाज को महत्व देने का संदेश दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सेंट्रल साइकिएट्रिक सोसाइटी के प्रेसिडेंट एवं एसएनएमसी आगरा के विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल सिन्हा ने अतिथि वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक और मरीजों के अनुभवों को संवेदनशीलता के साथ समझने की आवश्यकता पर विचार साझा किए।
मानसिक रोग विभाग की ओर से मेडिकल छात्रों और अन्य प्रतिभागियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें स्किट, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सहानुभूति और मानसिक रोगों को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आयुषी डी. सिंघ, डॉ. कृतिका चावला, डॉ. अमन नकवी, डॉ. अमृता भाटिया, सीनियर रेजिडेंट डॉ. राधा, डॉ. शुभ्रा, डॉ. विदुषी, डॉ. क्षीतिज, जूनियर रेजिडेंट डॉ. सौम्या, डॉ. अभिषेक, डॉ. मनीष तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. ब्रजेश समेत विभाग के चिकित्सक एवं रेजिडेंट मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही प्राथमिकता देने और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का संदेश दिया गया।





