रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा
कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 74वें स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय, कानपुर ने पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अब शहर में संचालित आई-बसों के माध्यम से लोगों तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) की प्रक्रिया और उसके लाभों की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
इस पहल के तहत कानपुर रोडवेज के सहयोग से शहर में चलने वाली आई-बसों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। इन संदेशों के माध्यम से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की आसान डिजिटल प्रक्रिया और घर बैठे इस सुविधा का लाभ उठाने के बारे में बताया जाएगा।
क्षेत्रीय आयुक्त-I शाहिद इकबाल ने जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कानपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेंशनभोगियों तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे बिना अनावश्यक परेशानी के अपनी जीवन प्रमाण पत्र संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
EPFO कानपुर की इस पहल से पेंशनभोगियों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने और जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाने में मदद मिलेगी। शहर की सार्वजनिक परिवहन सेवा को जागरूकता अभियान से जोड़कर विभाग ने अपनी डिजिटल सेवाओं का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।





