Breaking News

कानपुर हैलट में 60% तक झुलसे मरीजों का सफल इलाज, प्लास्टिक सर्जरी टीम ने बचाई जान

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। दीपावली के दौरान पटाखों, गर्म तेल और घरेलू आग से झुलसे मरीजों के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध लाला लाजपत राय (एलएलआर) चिकित्सालय यानी हैलट अस्पताल वरदान साबित हुआ। दीपावली सप्ताह (7 से 11 नवंबर 2026) के दौरान अस्पताल में 10 से 60 प्रतिशत तक झुलसे कई गंभीर मरीजों का सफल उपचार किया गया। समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा और बेहतर उपचार व्यवस्था के चलते मरीजों की जान बचाने के साथ उनके स्वास्थ्य में भी तेजी से सुधार हुआ।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. संजय काला ने बर्न के गंभीर मामलों से निपटने के लिए स्वयं उपचार व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने नियमित रूप से वार्ड राउंड कर मरीजों की स्थिति, उपचार की प्रगति और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए गठित विशेष टीम ने उपचार की जिम्मेदारी संभाली। प्रोफेसर (एमसीएच प्लास्टिक सर्जरी) डॉ. प्रेम शंकर के मार्गदर्शन और नोडल अधिकारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर (एमसीएच प्लास्टिक सर्जरी) डॉ. यश रोहतगी के नेतृत्व में प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न सर्जरी टीम ने कई गंभीर मरीजों के सफल ऑपरेशन किए। उपचार के बाद स्वस्थ हुए कई मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और नियमित फॉलोअप की सलाह देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

आधुनिक तकनीक और संक्रमण से बचाव पर रहा विशेष जोर

चिकित्सकों के अनुसार, मरीजों के उपचार के दौरान संक्रमण से बचाव और प्रभावित अंगों की कार्यक्षमता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। जरूरत के अनुसार कोलेजन ड्रेसिंग, बर्न ऑपरेशन थिएटर में स्टेराइल ड्रेसिंग, घावों की नियमित सफाई और आधुनिक औषधीय उपचार का सहारा लिया गया।

इसके अलावा झुलसने के बाद प्रभावित अंगों की त्वचा में सिकुड़न यानी कॉन्ट्रैक्चर की आशंका को कम करने के लिए चयनित मरीजों में प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) का भी सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया।

हैलट अस्पताल की इस उपचार व्यवस्था और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के प्रयासों से दीपावली के दौरान गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। यह उपलब्धि अस्पताल की बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी दर्शाती है।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.