Breaking News

कानपुर RTO में 27 नवंबर को परिवहन मेला, बकाया टैक्स की पेनाल्टी में मिलेगी छूट

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO), कानपुर में विशेष परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जा रहे इस मेले में वाहन संबंधी लंबित कार्यों का निस्तारण किया जाएगा। इसका उद्देश्य राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि के साथ आम नागरिकों को त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

कानपुर मंडल के आरटीओ प्रशासन राकेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन मेले को राजस्व सृजन के साथ नागरिक सेवा सुविधा मंच के रूप में तैयार किया जा रहा है। उन्होंने वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आरटीओ कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

बकाया टैक्स की पेनाल्टी में मिलेगी राहत

मेले में वाहन स्वामियों के लंबित टैक्स और अन्य बकायों के निस्तारण की सुविधा मिलेगी। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली, 1998 के नियम 24 के तहत बकाया टैक्स पर लगने वाली शास्ति यानी पेनाल्टी में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी। बकाया राशि जमा होने के बाद संबंधित वाहन के टैक्स और दस्तावेजों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर अपडेट की जाएगी।

रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और परमिट के काम भी होंगे

परिवहन मेले में नए वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट नवीनीकरण, एकमुश्त कर और अग्रिम कर जमा करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा वाहन के पंजीकरण प्रमाण पत्र (RC) में मोबाइल नंबर दर्ज कराने और संशोधित कराने की व्यवस्था भी होगी। इससे वाहन स्वामियों को विभागीय सूचनाएं और ओटीपी प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

पुराने वाहन को स्क्रैप कराने के बाद मिलने वाले सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट के आधार पर नए वाहन के पंजीकरण की प्रक्रिया में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अलग-अलग काउंटरों पर होगा निस्तारण

वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए कर वसूली, पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और सहायता के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। भुगतान के लिए नकद के साथ यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे।

परिवहन विभाग की इस पहल से वाहन स्वामियों को एक ही परिसर में कई कार्य कराने की सुविधा मिलेगी और लंबित मामलों के निस्तारण में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.