Vth Digital Desk
कानपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, कानपुर कमिश्नरेट में राष्ट्र और कर्तव्य की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस आयुक्त, कानपुर कमिश्नरेट श्री रघुबीर लाल और पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शहीदों का बलिदान सदैव करता रहेगा प्रेरित
कार्यक्रम में उन वीर पुलिसकर्मियों के त्याग और समर्पण को नमन किया गया, जिन्होंने देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके अदम्य साहस, अप्रतिम शौर्य और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को याद करते हुए कहा गया कि उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस बल और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

पुलिस स्मृति दिवस शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। वीर जवानों की शहादत हमें कर्तव्यपथ पर पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

वीर शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, अप्रतिम शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को शत्-शत् नमन।




