Breaking News

पुरुष बांझपन पर होगा मंथन, डॉ. पंकज तलवार देंगे आधुनिक उपचार की जानकारी

रिपोर्ट: हरी शंकर शर्मा 

कानपुर। पुरुष बांझपन एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, लेकिन सामाजिक संकोच और जागरूकता की कमी के चलते आज भी इसे लेकर कई तरह की भ्रांतियां व्याप्त हैं। इन भ्रांतियों को दूर करने और प्रजनन चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक जांच एवं उपचार की नवीनतम तकनीकों से चिकित्सकों को अवगत कराने के उद्देश्य से आईएसओपीआरबी कानपुर सोसाइटी की ओर से विशेष वैज्ञानिक सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शनिवार को स्वरूप नगर स्थित होटल रॉयल क्लिफ में आयोजित होगा।

आईएसओपीआरबी कानपुर सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम में देश के प्रख्यात प्रजनन विशेषज्ञ एवं इंडियन फर्टिलिटी सोसाइटी के अध्यक्ष (2024-26) डॉ. पंकज तलवार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वह अपने व्याख्यान में पुरुष बांझपन से जुड़े विभिन्न पहलुओं, इसके प्रमुख कारणों और आधुनिक उपचार विकल्पों पर विस्तार से जानकारी देंगे।

शुक्राणुओं की गुणवत्ता और हार्मोनल असंतुलन पर होगी चर्चा

वैज्ञानिक सत्र में पुरुष बांझपन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें शुक्राणुओं की संख्या, गुणवत्ता और गतिशीलता से संबंधित समस्याएं, हार्मोनल असंतुलन का प्रजनन क्षमता पर प्रभाव, सटीक निदान के लिए आधुनिक जांच पद्धतियां और उपचार की नवीनतम तकनीकें प्रमुख रहेंगी। इसके साथ ही पुरुष बांझपन को लेकर समाज में प्रचलित मिथकों और गलत धारणाओं पर भी विशेषज्ञ अपना दृष्टिकोण रखेंगे।

वरिष्ठ चिकित्सक संभालेंगी चेयरपर्सन की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में शहर की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मीरा अग्निहोत्री, डॉ. किरन पांडे, डॉ. नीलम मिश्रा, डॉ. रेनू टंडन और डॉ. राशि मिश्रा चेयरपर्सन के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगी।

आयोजकों के अनुसार, इस वैज्ञानिक सत्र का उद्देश्य चिकित्सकों को प्रजनन चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, आधुनिक तकनीक और उपचार की नई संभावनाओं से जोड़ना है। इससे चिकित्सकों को पुरुष बांझपन के मामलों में बेहतर निदान और उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Tags :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Search

Advertisment

Consultant

Consultant

Popular Posts

About Us

Contact Us

Krishna sharma – Editor in Chief

Vikas Chauhan (Senior content editor) Grievance Officer

Recent Posts

©2026 – All Right Reserved.